
रामकृपाल यादव को मिला मंत्री पद,बिहार कैबिनेट में शामिल कर नीतीश सरकार ने भरोसा जताया।कभी लालू के सबसे भरोसेमंद सिपाही रहे नेता की नई पारी
रजनीश रंजन संवाददाता, शुभ दैनिक भास्कर।
पटना: बिहार की नई गठित नीतीश कुमार सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार करते हुए कई नए चेहरों को शामिल किया। इसी क्रम में राज्य की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय और कभी लालू प्रसाद यादव के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाने वाले रामकृपाल यादव को भी मंत्री बनाया गया है। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
राज्यपाल की उपस्थिति में आयोजित शपथ समारोह में रामकृपाल यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। माना जा रहा है कि उन्हें शासन-प्रशासन और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए एक महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी जाएगी। उनके कैबिनेट में आने को राजनीतिक विशेषज्ञ भाजपा और जदयू के बीच संतुलन साधने की रणनीति के रूप में भी देख रहे हैं।
रामकृपाल यादव, जो कभी राजद के वरिष्ठ नेता और लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाते थे, बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे और केंद्र में मंत्री भी रहे थे। अब नीतीश कैबिनेट में उनकी एंट्री को राजनीतिक रूप से बड़ा संदेश माना जा रहा है—विशेषकर यादव समाज में पकड़ मजबूत करने की कोशिश के संकेत के रूप में।
मंत्रिमंडल विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिला है, जिससे नीतीश कुमार सरकार एक नए संतुलन और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में दिखाई दे रही है। राजनीतिक हलकों में इसे 2025 के बदलते सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उठाया गया कदम माना जा रहा है।