
मनमोहन सिंह के निधन पर चैम्बर की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित
पटना। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह के निधन पर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार संध्या में बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रांगण में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें ईश्वर से प्रार्थना की गयी कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं उनके शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें ।
चैम्बर की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा गया कि बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के लिए यह सौभाग्य की बात है कि मनमोहन सिंह को दिनांक 3 नवम्बर 1995 को माननीय केन्द्रीय वित्त मंत्री के रूप में सम्मानित करने एवं उनके सुविचारों को सुनने का अवसर राज्य के उद्यमियों एवं व्यवसाइयों को मिला है। सिंह अपनी सरलता, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट आर्थिक नीतियों के लिए जाने जाते थे।
चैम्बर की ओर से यह भी कहा गया कि 1991 में, भारत जब गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था, उस समय मनमोहन सिंह को देश का वित्त मंत्री बनाया गया था। उन्होंने ऐतिहासिक आर्थिक सुधार कि शुरुआत की, जिसने भारत को आर्थिक उदारीकरण की राह पर आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व में अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में विदेशी निवेश के दरवाजे खुले और देश के आर्थिक विकास को गति मिला ।
चैम्बर की ओर से इस श्रद्धांजलि सभा में उपाध्यक्ष आशीष शंकर, महामंत्री पशुपति नाथ पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष पी० के० अग्रवाल, कार्यकारणी सदस्य विशाल टेकरीवाल, अशोक कुमार, सुनील सर्राफ, पवन भगत, राजा बाबु गुप्ता एवं सम्मानित सदस्य सम्मिलित हुए