
पटना, 19 मई, 2025
आज दिनांक 19.05.2025 को राजधानी पटना के आशियाना दीघा रोड पर संत जेवियर्स यूनिवर्सिटी के सामने, पेट्रोल पम्प के नजदीक पी.पी.पी. मोड के अंतर्गत सुधा पटना डेयरी प्रोजेक्ट के द्वारा सुधा के भव्य ब्राण्ड पार्लर की नई श्रृंखला “कीमी डिजायर” का शुभारम्भ किया गया। कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक श्री राज कुमार, भा.प्र.से. ने इस पहल की सराहना की तथा कीमी डिजायर की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी। वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध संघ, पटना के माननीय अध्यक्ष श्री संजय कुमार तथा वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध संघ, पटना के प्रबंध निदेशक श्री रूपेश राज के द्वारा इसका शुभारम्भ किया गया।

संघ के माननीय अध्यक्ष श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम के मौके पर उपस्थित आगन्तुकों को संबोधित करते हुए बताया कि पी.पी.पी. मोड में तैयार कीमी डिजायर सुधा पार्लर से राजधानी पटना के हमारे सभी सम्मानित उपभोक्ताओं को सुधा आइसक्रीम एवं अन्य दुग्ध जन्य उत्पादों के बेहतरीन एवं उत्तम स्वाद का अनुभव हो सकेगा।
संघ के प्रबंध निदेशक श्री रूपेश राज ने अपने संबोधन में बताया कि हम पटनावासियों की रूचि को देखते हुए नये-नये उत्पाद को बाजार में उतारने का प्रयास करते रहे हैं। सुधा कीमी डिजायर ब्राण्ड पार्लर में सुधा के बेहतरीन, प्रीमियम आइसक्रीम, सण्डेज, आइसक्रीम शेक, फ्लोट्स एवं सुधा के अन्य उत्पाद सभी सम्मानित उपभोक्ता एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकते हैं तथा यहाँ पर बैठकर भी आनंद ले सकते हैं।

अभी यह दीघा आशियाना रोड पर खोला गया है. परन्तु जल्दी ही इस प्रकार का कीमी डिजायर पटना के अन्य स्थलों पर भी खोले जाने की योजना है। आप उपभोक्ता से आग्रह है कि कीमी डिजायर पार्लर में आकर सुधा के बेहतरीन आइसक्रीम एवं अन्य उत्पादों का अनूठा आनंद लें।
कार्यक्रम में संघ के निदेशक मंडल सदस्य श्री बासुकीनाथ सिंह, श्री शत्रुघ्न राय, श्री कामता यादव, संघ के सहायक महाप्रबंधक श्री अरविन्द कुमार सिन्हा, सहायक महाप्रबंधक श्री धर्मेन्द्र कुमार एवं अन्य पदाधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहे।