अमित शाह के बाबा साहब पर दिए
बयान पर एनएसवाईएफ ने किया पुतला दहन
खगौल। बुधवार को खगौल के गाड़ीखाना में नेशनल स्टूडेंट एंड यूथ फ्रंट एवं अंबेडकर मंच के बैनर तले एनएसवाईएफ के प्रदेश अध्यक्ष सौरव पासवान के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर पर लोकसभा में टिप्पणी कर अपमान करने के विरोध में गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन के उपरांत जमकर नारेबाजी की गई जिसमें बड़ी संख्या में एनएसवाईएफ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
एनएसवाईएफ के प्रदेश अध्यक्ष सौरव पासवान ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “अमित शाह की टिप्पणी डॉ. भीमराव अंबेडकर और दलित समाज का अपमान है। यह बयान संविधान की गरिमा के खिलाफ है।एनएसवाईएफ इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा। हम मांग करते हैं कि अमित शाह तुरंत इस पर माफी मांगते हुए अपना इस्तीफा दे, वरना हमारा विरोध जारी रहेगा।” रिटायर पुलिस निरीक्षक लक्ष्मी पासवान ने कहा कि अमित शाह का बयान भाजपा के दलित विरोधी चेहरे को दर्शाता है।
वहीं पूर्व वार्ड पार्षद शत्रुघ्न यादव ने कहा कि बाबा साहब करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं । उनपर अमित शाह की की गई टिप्पणी निंदनीय है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र नेता देव शंकर आर्य ने अमित शाह के बयान की भर्त्सना की ।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर की तस्वीर लेकर उनके आदर्शों का समर्थन करते हुए नारे लगाए और सरकार एवं अमित शाह के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। यह प्रदर्शन लखनीबिगहा चौराहे से गुजरते हुए गाड़ीखाना में जाकर समाप्त हुआ ।
प्रदर्शन के दौरान एनएसवाईएफ के प्रदेश अध्यक्ष सौरव पासवान, लक्ष्मी पासवान, महिला नेत्री अनीता कुमारी,दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र नेता देव शंकर आर्य, शत्रुघ्न यादव, जगदीश सिंह, विकास यादव, राज किशोर पासवान, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रईस यादव, जयनंदन यादव, पटना विश्वविद्यालय छात्र नेता सैयद इमाम, रॉकी चौधरी आदि मौजूद थे।
